#हादसा

June 4, 2026

हिमाचल में बड़ा हा.दसा: अपने ही ट्रैक्टर के नीचे दब गया चालक, बाहर निकाला पर नहीं बची जा.न

जिस ट्रैक्टर को चलाकर पालता था परिवार, उसी के नीचे दब गया चालक, निकले प्राण

शेयर करें:

tractor accident

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के अर्की क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि चालक अपने ही ट्रैक्टर के नीचे दब गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी की डोर टूट गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अचानक बिगड़ा संतुलन, सड़क पर पलटा ट्रैक्टर

जानकारी के अनुसार अर्की उपमंडल के पलोग क्षेत्र के निकट बुधवार दोपहर एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि जलाणा गांव निवासी 38 वर्षीय रूप चंद ट्रैक्टर लेकर अपने काम पर निकला हुआ था। जब वह राहु गांव के समीप पहुंचा तो किसी कारणवश ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर ही पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही चालक उसके नीचे दब गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया।

 

यह भी पढ़ें : कूड़ा नहीं बनेगा बोझ! हिमाचल में प्लास्टिक के कचरे से बनेंगी सड़कें- सरकार ने जारी किए नए नियम

स्थानीय लोगों ने बचाने का किया प्रयास

घटना होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद चालक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तुरंत अर्की अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चालक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

ट्रैक्टर चलाकर करता था परिवार का पालन-पोषण

बताया जा रहा है कि रूप चंद ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी कमाई पर ही घर का खर्च चलता था। ऐसे में अचानक हुई मौत ने परिवार को गहरे आर्थिक और मानसिक संकट में डाल दिया है। गांव में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : चुनावी रंजिश का खौफनाक अंजाम, 2 मकानों में लगा दी आ.ग- पूर्व प्रधान समेत 11 पर केस

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में इसे सड़क हादसा माना जा रहा है, हालांकि ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार ने गरीब परिवारों को दिया झटका- हिमकेयर योजना में बड़ा बदलाव, अब नहीं होंगे फ्री टेस्ट

एक पल में उजड़ गई खुशियां

बुधवार दोपहर तक रोजमर्रा की तरह काम पर निकले रूप चंद को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। ट्रैक्टर चलाकर परिवार का सहारा बने युवक की असमय मौत ने न केवल उसके परिजनों बल्कि पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। अब परिवार के सामने सबसे बड़ी चिंता भविष्य और रोजी-रोटी की खड़ी हो गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख