#हादसा
August 3, 2025
हिमाचल में सुबह-सवेरे पलटा ट्रैक्टर- चपेट में आए 2 लोग, नीचे दबे शख्स ने तोड़ा दम
काम पर जा रहे थे दोनों साथी- रास्ते में था काल
शेयर करें:
सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक हादसे पेश आ रहे हैं। इन हादसों में कई हंसते-खेलते परिवार उजड़ रहे हैं। इसी कड़ी में अब ताजा मामला हिमाचल के सिरमौर जिले से सामने आया है।
यहां कालाअंब क्षेत्र के पालियों में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है-जिसमें एक व्यक्ति की दुखद मौत हो गई है। व्यक्ति ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार सुबह करीब 10 बजे पेश आया है। हादसे के वक्त ट्रैक्टर चालक अपने साथी के साथ पालियों के पास से जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, ट्रैक्टर पर सावर दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत कर ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस 108 मौके पर पहुंची और तुरंत घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को हरियाणा के नारायणगढ़ अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जबकि, शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
आपको बता दें कि बीते कल कुमारसैन में भी एक दर्दनाक हादसे में JCB चालक की मौत हो गई। इस हादसे की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। हादसे के वक्त JCB चालक सड़क बहाल करने का काम कर रहा था।