#हादसा
June 21, 2025
हिमाचल घूमने आए पर्यटकों की कार सड़क से फिसलकर नदी में गिरी, परिवार के पांच लोग थे सवार
चंडीगढ़ से हिमाचल के लाहौल स्पीति घूमने पहुंचे थे पर्यटक
शेयर करें:
लाहौल स्पीति। हिमाचल प्रदेश में आए दिन हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के लाहौल स्पीति जिला में भी हुआ है। यहां पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से सीधे नदी में जा गिरी। हादसे के समय कार में बच्चों सहित पांच लोग सवार थे। यह लोग बाहरी राज्य से हिमाचल की वादियों में घूमने आए थे, लेकिन यहां पर यह हादसे का शिकार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा लाहौल स्पीति के जंखर सुमदो के पास हुआ है। यहां एक कार सड़क से फिसलकर सीधे नदी में जा गिरी। कार में चंडीगढ़ के पांच लोग सवार बताए जा रहे हैं। हालांकि इस हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। कार सवारों को हल्की चोटें आई थी। घायलों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : "हिमाचल पुलिस भर्ती में हुई है धांधली और नकल"- लड़की ने खोली पोल, बताया परीक्षा केंद्र में क्या चल रहा था
बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ से एक परिवार गाड़ी में सवार होकर हिमाचल घूमने आया था। यह लोग लाहौल स्पीति पहुंचे हुए थे। कार में बच्चों सहित पांच लोग सवार थे। जब यह लोग लाहौल स्पीति के जंखर सुमदो के पास पहुंचे तो अचानक से कार अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर सीधे स्पीति नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
यह भी पढ़ें : जयराम बोले-पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर हुई है धांधली, मामले को दबा रही सुक्खू सरकार
स्थानीय लोगों ने बीआरओ और इको टूरिज्म सोसाइटी के कर्मचारियों की मदद से सभी कार सवारों को गाड़ी से बाहर निकाला और उन्हें जिस्पा पहुंचाया। यहां घायलों को बीआरओ के कैंप में प्राथमिक उपचार दिया गया। बताया जा रहा है कि सभी घायलों की हालत स्थिर है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा विवाद पर HPPSC ने दी सफाई, जानें क्या कहा
इको टूरिज्म सोसाइटी के अध्यक्ष कलजंग ने बताया कि स्थानीय लोगों और बीआरओ की टीम ने मिलकर तेजी से राहत और बचाव अभियान चलाया। जिसके चलते सभी घायलांे को गाड़ से बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। कलजंग ने स्थानीय लोगों और बीआरओ के प्रयासों की सराहना की है और कहा कि एक बड़ा हादसा होने से टल गया है। सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। वहीं पोकलेन की मदद से गाड़ी को भी नदी से बाहर निकाल लिया गया है।