#हादसा
January 20, 2025
हिमाचल: सड़क पर काम कर रहे मजदूर को टिप्पर ने मारी टक्कर, नहीं बची जान
चंबा में टिप्पर की टक्कर से मजदूर की मौत
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में वाहन चालकों द्वारा लापरवाही से ड्राइविंग करने के कारण कई बार सड़क पर चल रहे या काम कर रहे लोगों की जान चली जाती है। ऐसा ही एक मामला हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा से सामने आया है। यहां एक टिप्पर की टक्कर से सड़क पर काम कर रहे मजदूर की मौत हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भरमौर-पठानकोट NH पर चाहला के पास सड़क पर तारकोल बिछाने का काम चल रहा है।
वहां एक मजदूर वाहन चालकों को आवाजाही के लिए संकेत देने का काम कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टिप्पर ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में मजदूर बुरी तरह जखमी हो गया। जिसके बाद वहां उपस्थित लोगों व NH प्रबंधन ने इलाज के लिए उसे तुरंत बाथरी अस्पताल पहुंचाया। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में उपस्थित डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद NH प्रबंधन द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। मृतक की पहचान जगदीश कुमार पुत्र बंता के रूप में की गई है। जगदीश चंबा शहर के साथ लगते सरू का रहने वाला था।
यह भी पढ़ें : 29 वर्षीय युवक ने नदी में लगा दी छलांग, किनारे पर मिले कपड़े
मामले की पुष्टि करते हुए SP चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को दस हजार रुपए राशि फौरी राहत के रूप में दी गई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: अंधड़ से रसोईघर पर गिरा पेड़, पिता की गई जान, बेटा घायल