#हादसा
November 21, 2025
हिमाचल: तेज रफ्तार टैंकर चालक ने कुचल दिया 32 वर्षीय युवक, परिवार ने खो दिया जवान बेटा
सड़क पर पैदल जा रहा था युवक, टैंकर ने ओवरटेक करते कुचल दिया
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर छोटी सी लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ रही है। हर दिन प्रदेश में कहीं ना कहीं से सड़क हादसे में जान गंवाने वालों की खबरें रिपोर्ट की जा रही हैं। ऐसा ही एक मामला अब हिमाचल के सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएमबी से सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार टैंकर ने एक युवक को बुरी तरह से कुचल दिया। जिससे युवक की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा नालागढ़ के तहत मंझौली में हुआ है। यहां एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली। बढ़ते यातायात, भारी वाहनों की आवाजाही और लापरवाह ड्राइविंग के चलते प्रदेश में सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम मंझौली निवासी अजय कुमार (32) सड़क किनारे पैदल चल रहा था। इसी दौरान तेल से भरा एक टैंकर तेज रफ्तार में ओवरटेक करने की कोशिश में गलत दिशा में घुस गया और राहगीर अजय कुमार को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके नाक व मुंह से लगातार खून बहने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और टैंकर चालक को हिरासत में ले लिया। आरोपी चालक की पहचान वरुण कुमार निवासी धर्मशाला जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : संजौली मस्जिद विवाद : नहीं शांत हो रहे हिंदू संगठन, आज ही बिजली-पानी काटने की मांग पर अड़े
एएसपी अशोक वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों पर गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में दिन.रात भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन कई चालक तेज रफ्तार और गलत ओवरटेक जैसी हरकतों से लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।