#हादसा
April 20, 2025
धधक उठा शिमला का सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल, देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड- राख हुई प्रॉपर्टी
सरस्वती विद्या मंदिर में भड़की आग, दस्तावेज़-फर्नीचर जलकर खाक
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला के लोअर विकासनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर हिम रश्मि स्कूल में रविवार सुबह करीब 3:40 बजे भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते स्कूल की ऊपरी मंज़िल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। फर्नीचर, दस्तावेज़ और अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री जलकर खाक हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन रास्ते और क्रॉसिंग पॉइंट पर खड़ी गाड़ियों के कारण फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर देर से पहुंची। दमकल की गाड़ी स्कूल भवन तक नहीं पहुंच सकी, जिससे पाइप नीचे से ऊपर तक खींचकर आग बुझाने का प्रयास करना पड़ा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 4:40 बजे आग पर काबू पाया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार ने अधर में लटकाए होनहार बच्चे, 2 साल से टैबलेट का कर रहे इंतज़ार- कब मिलेंगे?
गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त स्कूल में कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि की आशंका नहीं रही। लेकिन अगर दमकल समय पर पहुंच जाती, तो स्कूल का बड़ा हिस्सा बचाया जा सकता था — ऐसा स्थानीय लोगों का कहना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: चिट्टे के धंधे में पूरा परिवार- बेटा खोजता था ग्राहक, मां के अकाउंट में आते थे पैसे
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है। स्कूल प्रशासन व स्थानीय प्रशासन ने नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है।