#हादसा
May 14, 2026
हिमाचल के शिकारी माता मंदिर के पास गहरी खाई में समाई कार : दो लोगों की मौ.त, 2 घायल
11 फीट की ऊंचाई पर कार हाद.सा
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जिला के दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ शिकारी देवी मंदिर के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई- जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात के अंधेरे में ऐसे सुनसान इलाके में हुई- जहां काफी देर तक किसी को हादसे की भनक तक नहीं लग सकी।
बताया जा रहा है कि हादसा माता शिकारी देवी मंदिर के पास करीब 11 हजार फीट की ऊंचाई वाले मार्ग पर हुआ। क्षेत्र घने जंगलों और गहरी खाइयों से घिरा हुआ है, जिसके कारण दुर्घटना के बाद मदद पहुंचने में भी कठिनाई आई।
हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग खाई में फंसे रहे। घटना का पता तब चला जब हादसे में घायल एक युवक ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह खाई से ऊपर सड़क तक पहुंच गया।
घायल युवक ने सड़क किनारे टेंट लगाकर रह रहे लोगों से मदद मांगी और पूरी घटना की जानकारी दी। युवक की हालत बेहद खराब थी, लेकिन उसकी सूझबूझ और साहस की वजह से बाकी घायलों तक समय रहते राहत पहुंच सकी।
सूचना मिलने के बाद रात करीब एक बजे जंजैहली पुलिस थाना की टीम मौके के लिए रवाना हुई। अंधेरा, दुर्गम रास्ता और गहरी खाई होने के बावजूद पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भूपेंद्र राज और हेत राम के रूप में हुई है। दोनों मृतक थुनाग क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, घायल हुए लोगों में योगराज और पूर्णचंद शामिल हैं, जिनमें एक थुनाग और दूसरा पांगणा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया- जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
SP मंडी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि पहाड़ी सड़क पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ने से कार खाई में गिरी हो सकती है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पहाड़ी और संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम और मजबूत किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।