#हादसा
April 24, 2026
हिमाचल : पिता के साथ घर से स्कूटी पर निकली थी चंचल, मस्जिद के पास हुई मौ*त- सदमे में परिवार
22-23 साल की थी चंचल, पिता की आंखों के सामने तोड़ा दम
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में सुबह-सवेरे एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। कालाअंब में पेश आए इस सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बता दें कि NH-07 पर कालाअंब मस्जिद के पास पिता की आंखों के सामने बेटी की दर्दनाक मौत हो गई है। मृतका की उम्र 22 से 23 वर्ष बताई जा रही है। जवान बेटी की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। मैनथापल क्षेत्र की रहने वाली चंचल अपने पिता के साथ स्कूटी पर कालाअम्ब की ओर जा रही थी। जैसे ही वे मस्जिद के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक डंपर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि चंचल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हादसे में चंचल के पिता को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। मगर बेटी की मौत से वे गहरे सदमे में हैं।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

चंचल की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष बताई जा रही है। चंचल कॉलेज की छात्रा थी और मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली थी। पिछले कई सालों से चंचल अपने परिवार के साथ कालाअंब में ही रह रही थी।
वहीं, हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है और चालक के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।