#अपराध
April 24, 2026
हिमाचल पुलिस ने कमरे में मारा छापा, 3 आरोपी चिट्टे संग गिरफ्तार- एक तस्कर पंजाब से पकड़ा
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रोहड़ू में तीन आरोपी पकड़े गए, जबकि रामपुर केस में जांच के दौरान एक और तस्कर को पंजाब से गिरफ्तार किया गया। इससे साफ है कि नशा तस्करी के तार दूसरे राज्यों तक फैले हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के रामपुर का है। यहां पर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की थी। पुलिस टीम ने गुरजीत सिंह (24 वर्ष), निवासी पंचकूला (हरियाणा) को 9.31 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
इस मामले में थाना रामपुर में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया और आरोपी से पूछताछ शुरू की गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच शुरू की, तो कई अहम सुराग हाथ लगे। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और बैंक खातों की जांच की।4

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी का संपर्क पंजाब के संगरूर जिले के रहने वाले सुख पाल सिंह से था। दोनों के बीच नशे के कारोबार को लेकर लगातार बातचीत होती थी और पैसों का लेन-देन भी किया गया था। पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पंजाब के संगरूर से सुख पाल सिंह (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 25 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश कर रही है।
वहीं दूसरा मामला भी जिला शिमला के रोहड़ू से सामने आया है। यहां पर रोहड़ू पुलिस उपमंडल की स्पेशल टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि समोली क्षेत्र में एक कमरे में नशे का कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए मौके पर छापेमारी की। छापे के दौरान पुलिस को कमरे से 3.58 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। मौके पर मौजूद तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और नशे की सप्लाई कहां-कहां तक की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।