#हादसा
February 2, 2025
हिमाचल : सतलुज नदी में गिरी गाड़ी, अंदर बैठे लोगों का नहीं चल रहा पता
नदी में सर्च अभियान में जुटी टीमें
शेयर करें:
रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में एक बड़ा हादसा पेश आया है। यहां शोंगठोंग पुल के पास तंगलिंग संपर्क संड़क मार्ग पर एक मिक्सर गाड़ी (मिलर) हादसे का शिकार हो गई है। गाड़ी सतलुज नदी में गिर गई है।
शुरुआती जांच में पाया गया है कि हादसे के वक्त गाड़ी में दो लोग सवार थे। मगर हादसे के बाद से दोनों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम द्वारा NDRF की टीम की मदद से सर्च अभियान किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 7.30 बजे पेश आया है। हालांकि, पुलिस टीम को हादसे की सूचना देर रात मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम द्वारा सर्च अभियान किया गया। मगर अंधेरा होने के कारण दोनों का कुछ पता नहीं चल पाया।
इसके बाद आज सुबह NDRF की टीम को मौके पर सर्च अभियान के लिए बुलाया गया है, लेकिन अभी तक दोनों का कुछ पता नहीं चल पाया है। फिलहाल, मौके पर पुलिस, NDRF, आपदा व परियोजना प्रबंधन की टीमों द्वारा सर्च अभियान किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही दोनों को तलाश लिया जाएगा। मामले की पुष्टि SP किन्नौर अभिषेक शेखर ने की है।
(NOTE: खबर लिखे जाने तक इतनी ही जानकारी मिली थी। ज्यादा जानकारी मिलते ही खबर को अपडेट कर दिया जाएगा)