#हादसा
August 26, 2026
हिमाचल : पब्बर नदी में मिली एक लड़के की देह, दूसरा अभी भी लापता- स्कूल के बाद गए थे नहाने
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, दूसरे की तलाश में NDRF
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से बेहद दुखद खबर सामने आई है। रोहड़ू क्षेत्र में मंगलवार शाम पब्बर नदी में नहाने गए दो 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गए। जिनमें से अब एक किशोर का शब बरामद हुआ है।
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों किशोरों की तलाश शुरू की। इनमें से एक किशोर शिवेन का शव बरामद कर लिया गया है। जबकि दूसरे किशोर सक्षम का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उसकी तलाश के लिए NDRF की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।
SDM रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दूसरे किशोर की तलाश लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम प्रशासन को दो किशोरों के नदी में डूबने की सूचना मिली थी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई। मगर अंधेरा होने के कारण अभियान में काफी दिक्कतें आईं और दोनों किशोरों का पता नहीं चल सका।
रात में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण तलाशी अभियान को आगे बढ़ाने में परेशानी हुई। इसके बाद बुधवार सुबह शिमला से एनडीआरएफ की टीम को रोहड़ू बुलाया गया। एनडीआरएफ के जवानों ने नदी में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया और लापता किशोर की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि शिवेन का शव स्थानीय लोगों ने नदी से बाहर निकाला। उसका शव उसी क्षेत्र में मिला, जहां दोनों किशोर नहाने के लिए उतरे थे। प्रशासन की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया और अब पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार दोनों किशोरों की उम्र करीब 16-16 वर्ष है। नदी में उतरने के बाद उनके कपड़े और जूते नदी किनारे मिले हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद से ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। बुधवार सुबह भी बड़ी संख्या में लोग नदी के आसपास मौजूद रहे और लापता किशोर के मिलने का इंतजार करते रहे।
नदी में डूबे किशोरों की पहचान शिवेन पुत्र शिशु पाल, निवासी करासा और सक्षम पुत्र राजदेव निवासी बनोटी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों किशोर स्कूल से लौटने के बाद पब्बर नदी में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए।
दोनों किशोर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बॉयज रोहड़ू में जमा दो कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। हादसे की सूचना जैसे ही उनके घरों तक पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद स्कूल में भी शोक का माहौल है। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर गम का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन और NDRF की टीम अब सक्षम की तलाश में जुटी हुई है। नदी में पानी की गहराई और परिस्थितियों को देखते हुए सर्च ऑपरेशन सावधानी के साथ चलाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
हादसे ने एक बार फिर नदी और जलस्रोतों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान लापता किशोर को तलाशने और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। दोनों बच्चों के परिवारों व गांव में मातम पसरा हुआ है।