#हादसा
May 6, 2025
हिमाचल : सुबह-सवेरे दहकी फैक्ट्री, नहीं भाग पाए मजदूर- घरों में ही फंस गए बेचारे
कुछ मजदूर ने भाग कर बचाया खुद को
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां नालागढ़ के पहाड़ी हल्के रामशहर के पास एक गांव कोसरी में तारपीन बिरोजा बनाने वाली फैक्ट्री में भयंकर आग लगने की घटना सामने आई है। आगजनी की इस घटना में दो मजदूरों की आग में झुलसने के कारण मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त दोनों मजूदर अपने घरों में सो रहे थे। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ मजदूरों ने भाग कर अपनी जान बचा ली, लेकिन दो मजदूर अपने घरों में ही फंस गए और उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह दुखद घटना आज सुबह-सवेरे 3 से 4 बजे के बीच पेश आई है। घटना के वक्त सभी लोग अपने-अपने घरों में चैन की नींद सो रहे थे। लोगों को अचानक आग का पता चला- ऐसे में कुछ लोग भागने में सफल रहे। मगर दो मजदूर अपने घर से बाहर नहीं सके और आग में झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग इतनी भयानक थी कि मजदूरों को बचने का मौका नहीं मिला। इस घटना में फैक्ट्री को ढाई करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। मजदूर अपने साथियों की हुई दुखद मौत से बेहद दुखी हैं।
दोनों मृतक मजदूर प्रवासी बताए जा रहे हैं। दोनों मृतक उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान-
उधर, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने फायर ब्रिगेड की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग की लपटें फैक्ट्री से बहुत तेजी से बाहर निकल रही थी। आग से निकल रहे काले धुएं और आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों काफी सहमे हुए हैं। फिलहाल, पुलिस टीम ने आग पर काबू पा लिया और मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फैक्ट्री मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है।