#हादसा
August 29, 2025
हिमाचल: चारा मशीन में घास काट रहीं थी सास-बहू, देखते ही देखते चली गई एक की जा*न
बिलासपुर मे करंट लगने से महिला की मौत
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दरअसल, चारा मशीन में घास काटते वक्त सास-बहु करंट की चपेट में आ गईं।
जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत मैहथी के ढडोग गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां सास-बहु पशुओं के लिए मशीन में चारा काट रही थीं कि अचानक बिजली का करंट मशीन में फैल गया। सास शकुंतला देवी इस करंट की चपेट में आ गई और उनकी चीख निकल गई। शकुंतला देवी मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ीं।
सूत्रों के मुताबिक 73 वर्षीय शकुंतला देवी की चीख सुनकर उनकी बहू सुनीता देवी ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन वो भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गईं। वह भी मौके पर गिर पड़ीं।
परिजन तुरंत दोनों को बिलासपुर अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने शकुंतला देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुनीता देवी का इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले की पुष्टि DSP बिलासपुर मदन धीमान ने की है।
गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि खेत-खलिहानों में इस्तेमाल होने वाली बिजली मशीनों से पहले भी हादसे हो चुके हैं इसलिए सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है।