#हादसा
July 27, 2026
हिमाचल : सुबह-सवेरे सड़क से नीचे घरों पर पलटा दूध का टैंकर, हुआ धमा.का- 3 थे सवार
घरों में चैन की नींद सो रहे थे कई परिवार
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार तड़के सोलन जिले में चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-5) पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
ब्रुरी के पास दूध से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे रिहायशी क्षेत्र में जा पलटा। हादसे के समय टैंकर में तीन लोग सवार थे, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। हालांकि दुर्घटना में एक मकान के हिस्से सहित बिजली और पानी की लाइनों को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह करीब 3:45 बजे हुआ। दूध का टैंकर चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्रुरी क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए नीचे रिहायशी इलाके में जा गिरा।
टैंकर के पलटते ही इलाके में तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद आसपास के लोग अफरा-तफरी में अपने-अपने घरों से बाहर भागे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद सोलन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटना में टैंकर में सवार तीनों लोगों को हल्की चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दुर्घटना के कारण टैंकर सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग को तोड़ता हुआ नीचे पहुंचा, जिससे बिजली और पानी की आपूर्ति करने वाली लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा टैंकर एक मकान के पिलर और दीवार से भी टकराया, जिससे भवन को नुकसान पहुंचा। गनीमत यह रही कि हादसे के समय घर के भीतर मौजूद लोगों को कोई चोट नहीं आई, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि मोड़ पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं और चालक कई बार वाहन पर नियंत्रण खो बैठते हैं।
लोगों का यह भी कहना है कि हादसे के समय चालक को नींद की झपकी आने और वाहन की अधिक गति भी दुर्घटना का कारण हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले हफ्ते भी इसी स्थान पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में गिर गया था, जिसमें चालक घायल हुआ था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद अब तक इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर या अन्य सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। स्थानीय लोग कई बार जिला प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर लगाने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
SP सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस वाहन की तकनीकी स्थिति, चालक के बयान और अन्य परिस्थितियों के आधार पर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।