#हादसा
July 16, 2026
हिमाचल : बेसहारा पशु से टकराई बाइक, दो युवकों की एक साथ मौ.त- सदमे में परिवार
दोनों दोस्तों ने PGI चंडीगढ़ में तोड़ा दम
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ढालपुर क्षेत्र में सड़क पर अचानक आए एक बेसहारा पशु से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बेसहारा पशु से टक्कर होते ही बाइक सवार दोनों युवक बाइक समेत गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर से परिजनों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब दो बजे दोनों युवक HP-34D-5181 नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार होकर ढालपुर की ओर जा रहे थे। जब वे नारू क्लीनिक के समीप पहुंचे तो अचानक एक बेसहारा पशु सड़क पर आ गया।
इससे पहले कि चालक बाइक को नियंत्रित कर पाता, वाहन सीधे पशु से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे स्थित एक मकान के आंगन में जा गिरी।
हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस के साथ पुलिस को सूचना दी। घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों युवकों की जान नहीं बचाई जा सकी।
दोनों युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतकों की पहचान-
जिस मकान के आंगन में बाइक जा गिरी, उसके मालिक रूप सिंह श्यामलाल ने बताया कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनके घर को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर शहर की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं का मुद्दा चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
उधर, पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इससे जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।