#हादसा
January 30, 2025
हिमाचल : खाई में गिरी कार, महिला के आंखों के सामने उजड़ा सुहाग- पसरा मातम
तत्तापानी में स्नान करके वापस घर लौट रहे थे दोनों
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भयानक सड़क हादसा पेश आया है। यहां उपमंडल करसोग में तत्तापानी खंडेरी लमशर सड़क पर एक कार खाई में गिर गई है। हादसे के वक्त कार में पति-पत्नी सवार थे। गाड़ी के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि, पत्नी की हालत भी गंभीर बनी हुई है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, करसोग के साविंधार गांव का रहने वाला प्रेम लाल शर्मा (53) और उसकी पत्नी संतोष कुमारी (48) बीते कल स्नान करने के लिए तत्तापानी गए हुए थे। दोनों वहां से घर वापस लौट रहे थे कि तत्तापानी खंडेरी लमशर सड़क पर बेड़ापशड़ में अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
इस हादसे में कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई और दोनों पति-पत्नी उसी में फंस गए। गाड़ी गिरने की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत कर दोनों पति-पत्नी को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकला। मगर इस हादसे में प्रेम लाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, संतोष गंभीर रूप से घायल थी।
स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत संतोष को उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय सुन्नी ले जाया गया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे IGMC शिमला रेफर कर दिया। प्रेम लाल की मौत के बाद पत्नी सदमे में है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रेम लाल पेशे से शिक्षक था।
मामले की पुष्टि करते हुए DSP करसोग गौरवजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक की पत्नी अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है।