#हादसा
May 19, 2026
जिद्द ले गई जा.न : हिमाचल में दोस्तों की मनाही के बाद भी नहीं माना युवक, नाले में नहाने कूदा- हुई मौ*त
दोस्तों ने गाइड की मदद से पहुंचाया अस्पताल
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धर्मशाल में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। पर्यटन क्षेत्र करेरी में अपने दोस्तों के साथ घूमने गए 24 वर्षीय युवक की नाले में डूबने से मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ ट्रैकिंग और घूमने के लिए करेरी झील गया हुआ था। जहां से वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जोनल अस्पताल धर्मशाला से थाना को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि करेरी क्षेत्र से एक युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम जोनल अस्पताल पहुंची और वहां मौजूद युवतियों शगुन, आस्था और मृदूला के संयुक्त बयान दर्ज किए।
बयान में बताया गया कि शशांक आर्यन (24) पुत्र विशाल कुमार- राजा का तालाब, फतेहपुर का रहने वाला था। शशांक आर्यन अपने साथियों के साथ पांवटा साहिब स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस में पढ़ाई करता था।
सभी दोस्त घूमने और ट्रैकिंग के उद्देश्य से 17 मई को करेरी पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने विजय एडवेंचर नामक संस्था के माध्यम से गाइड की व्यवस्था की थी और करेरी झील तक ट्रैकिंग की। समूह ने रात करेरी झील के पास ही बिताई और अगली सुबह करीब 10 बजे वापसी के लिए करेरी गांव की ओर रवाना हुए।
दोपहर करीब 12 बजे जब सभी लोग हाफ प्वाइंट के पास पहुंचे तो शशांक आर्यन ने नाले में नहाने की इच्छा जताई। साथियों ने उसे ऐसा करने से रोका और पानी के तेज बहाव को देखते हुए सावधानी बरतने को कहा। मगर वह नहीं माना और नाले में उतर गया।
बताया गया कि नहाने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद दोस्तों और गाइड ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला। हालांकि, उस समय उसकी हालत गंभीर थी और वह किसी से बातचीत नहीं कर रहा था।
इसके बाद स्थानीय गाइडों और साथियों की मदद से उसे तुरंत जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक के दोस्तों में गहरा सदमा है।
पुलिस को दिए बयान में साथियों ने स्पष्ट किया कि इस हादसे में किसी अन्य व्यक्ति की कोई गलती नहीं है और उन्हें किसी पर कोई शक भी नहीं है। फिलहाल पुलिस ने शव को सुरक्षित शवगृह में रखवा दिया है।
आज शव का पोस्टमार्टम और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की जाएगी। ASP बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।