#हादसा
May 11, 2025
हिमाचल: दो ट्रकों के बीच फंसी नेशनल कब्बडी खिलाड़ी की कार, दुखद अंत हुआ
इकलौता बेटा था रितिक, परिवार सदमे में
शेयर करें:

शिमला | हरियाणा के कुरुक्षेत्र के उभरते कबड्डी खिलाड़ी रितिक (23) की हिमाचल प्रदेश में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने पांच दोस्तों के साथ धर्मशाला में कबड्डी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रहे थे, जब नंगल डैम के पास उनकी कार दो ट्रकों के बीच कुचल गई। इस हादसे ने रितिक के परिवार और खेल जगत को गहरा सदमा दिया है।
दो ट्रकों के बीच फंसी कार, एक की मौत, पांच घायल
हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। रितिक अपनी कार में दोस्तों लक्ष्य, दीपक, यश, अजय और मोहित के साथ धर्मशाला जा रहे थे। नंगल डैम के पास उनकी कार दो भारी ट्रकों के बीच फंस गई। हिमाचल पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव शुरू किया और सभी को कार से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन रितिक की सांसें थम चुकी थीं। उनके दोस्त यश की हालत गंभीर है और उन्हें चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया है। बाकी चार दोस्तों का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें: HPBOSE बोर्ड परीक्षा: 10वीं-12वीं के रिजल्ट का इंतजार, इस दिन हो सकता है ऐलान
इकलौता बेटा था रितिक, परिवार सदमे में
रितिक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी एक जुड़वां बहन है। उनके पिता ज्योतिसर गांव में मेडिकल स्टोर चलाते हैं और परिवार मूल रूप से पानीपत के अहर गांव का रहने वाला है। रविवार को रितिक के शव का पोस्टमॉर्टम के बाद कुरुक्षेत्र में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
कबड्डी में चमक रहा था रितिक का सितारा
रितिक ने अंबाला के SA जैन कॉलेज से बीए की पढ़ाई पूरी की थी और आठ साल से कबड्डी में नाम कमा रहे थे। लेफ्ट रेडर के रूप में मशहूर रितिक ने तीन बार जोनल, चार बार राज्य स्तरीय, पांच लीग और दो बार CM कप प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था। इसके अलावा वह तीन बार रग्बी और ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में भी अपनी छाप छोड़ चुके थे। हाल ही में उन्होंने कोचिंग के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिससे उनका भविष्य और उज्ज्वल लग रहा था।
यह भी पढ़ें : भारत-पाक में सीजफायर के बाद अब कश्मीर मुद्दे पर होगी चर्चा- ट्रंप ने किया नया दावा
खेल जगत में शोक की लहर
रितिक की मौत ने कबड्डी समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। उनके कोच और साथी खिलाड़ी अंकुश कौशिक ने बताया कि रितिक न सिर्फ एक शानदार खिलाड़ी थे, बल्कि बेहद मेहनती और प्रेरणादायक इंसान भी थे। उनकी कमी को भर पाना मुश्किल है। रितिक की उपलब्धियों पर गर्व करने वाला परिवार अब उनके असमय जाने के गम में डूबा है।