#हादसा
June 1, 2025
हिमाचल : IPL मैच से लौट रहे थे दो बारटेंडर, साथी के सामने एक ने छोड़ी दुनिया- दूसरे की हालत भी नाजुक
सुबह-सवेरे 3.39 बजे त्यागे प्राण
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां उपमंडल अंब के नंदपुर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा पेश आया है- जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है।
इस हादसे में बाइक सवार युवक का साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। बेटे की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 3:30 बजे उस वक्त पेश आया- जब दोनों युवक चंडीगढ़ में आयोजित IPL मैच में काम करके वापस लौट रहे थे। दोनों पेशे से बारटेंडर थे और चंडीगढ़ में आयोजित IPL मैचों में काम करने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर नगरोटा बगवां अपने घर लौट रहे थे।
इसी बीच जैसे ही वे नंदपुर के पास पहुंचे, अचानक सामने से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क से दूर जा गिरे। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक की नाजुक हालत को देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। अभी भी उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही अंब पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां उपमंडल के मलां गांव निवासी 31 वर्षीय विनीत कुमार के रूप में हुई। जबकि, घायल युवक का नाम अंचित कुमार बताया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए DSP अंब वासूदा सूद ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV की फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि जांच के उपरांत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।