#हादसा
April 2, 2026
हिमाचल : बैडमिंटन खेलते 32 वर्षीय युवक की मौ*त, दो मासूम बच्चों ने खोया पिता- पत्नी बेसुध
पत्नी-बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था युवक
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित इंडोर स्टेडियम में बुधवार को एक ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। खेल के दौरान फिट और स्वस्थ दिखने वाला एक युवक अचानक जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, नूरपुर क्षेत्र के भड़वार निवासी 32 वर्षीय विजय कुमार रोज की तरह अपने दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेलने इंडोर स्टेडियम पहुंचा था। खेल पूरे जोश में चल रहा था, तभी अचानक विजय कोर्ट पर ही लड़खड़ाा और देखते ही देखते बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद खिलाड़ी कुछ पल के लिए समझ ही नहीं पाए कि क्या हुआ। फिर तुरंत साथी खिलाड़ियों ने उसे संभाला और बिना समय गंवाए अस्पताल पहुंचाने की कोशिश शुरू की।
विजय को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। मगर उसकी हालत बेहद गंभीर बनी रही। स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे टांडा अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों और साथियों की उम्मीदें तब टूट गईं जब टांडा पहुंचने पर डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद विजय को मृत घोषित कर दिया। विजय की अचानक हुई मौत के बाद उनके सभी साथी स्तब्ध हैं।
वहीं, अचानक हुई इस घटना ने न सिर्फ एक घर का सहारा छीन लिया, बल्कि दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठा दिया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में गहरा शोक छाया हुआ है।
विजय धर्मशाला में एक निजी संस्थान में नौकरी करता था और अपने परिवार के साथ धर्मशाला में ही किराए के मकान में रह रहा था। विजय की अचानक हुई मौत के बाद उसकी पत्नी गहरे सदमे में है। विजय के दो छोटे-छोटे बच्चे एक बेटा और बेटी है। दोनों मासूमों की जिम्मेदारी अब अकेले विजय की पत्नी के कंधों पर आ गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए ASP कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, विजय कुमार की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट होने के बाद ही उसकी मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।