#हादसा
November 29, 2025
हिमाचल : बाइक पर घर से निकला था विपिन- वापस लौटी देह, एक पल में उजड़ गई परिवार की दुनिया
काम से जा रहा था युवक
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में लगातार हादसों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। खराब सड़कें, तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों का पालन ना करने के कारण कई बार लोग अपनी जान से हाथ तक गंवा देते हैं। ऐसी ही एक घटना जिला हमीरपुर से भी सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार बाइक पेड़ से जा टक्कराई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल सुबह करीब 9 बजे युवक अपने घर से मैड़ कस्बे की ओर किसी कार्य के लिए निकला था। जैसे ही वह भोटा से लगभग 3 किलोमीटर दूर टियाले-दे-घट के तीखे मोड़ पर पहुंचा, तभी अचानक बाइक से उसका नियंत्रण हट गया।
बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिस कारण विपिन अचानक मोड़ संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते बाइक सीधा सड़क किनारे खड़े एक मजबूत पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण और जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और विपिन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग भागते हुए मौके पर पहुंचे। किसी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जबकि अन्य लोगों ने युवक को संभालने व मदद करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक की पहचान ग्राम दैन निवासी विपिन कुमार उम्र 22 वर्ष पुत्र जगत राम जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे की जानकारी तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद भोटा पुलिस चौकी की टीम प्रभारी निर्मला ठाकुर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
विपिन अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और आर्थिक रूप से परिवार का सहारा था। वह दिहाड़ी-मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को दिलासा देने पहुंच रहे हैं।