#हादसा

June 27, 2025

हिमाचल: छह दिन बाद सतलुज ने उगली युवक की देह, नहाने समय डूब गए थे दो दोस्त

पंजाब से हिमाचल घूमने आए थे युवक, नदी में नहाने उतर गए थे

शेयर करें:

Una Satluj River

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में आज शुक्रवार सुबह सतलुज नदी से एक लापता युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक युवक की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी विकास शर्मा (उम्र लगभग 24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो 21 जून को नदी में डूब गया था। यह हादसा उस समय हुआ जब वह अपने दो अन्य साथियों के साथ ऊना के ब्रम्हाहुति धार्मिक स्थल के पास नहाने गया था।

हादसे का पूरा घटनाक्रम

21 जून की शाम तीन युवक विकास शर्मा, रीतांश बाली और एक अन्य साथी ब्रम्हाहुति के समीप सतलुज नदी में नहाने उतरे। लेकिन तेज बहाव और गहराई का अंदाज़ा न लग पाने के कारण तीनों पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद रीतांश बाली ने अपनी जान की परवाह न करते हुए पहले दो युवकों को बाहर निकाला। लेकिन जब वह तीसरी बार विकास को बचाने के लिए नदी में कूदा, तो वह खुद भी पानी की तेज धार में बह गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल मां को कमरे में इस हाल में मिला लाडला बेटा, निकल गई चीखें, BCA का था स्टूडेंट

रीतांश का शव मिला

घटना के तुरंत बाद राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। कुछ ही घंटों बाद रीतांश बाली का शव बरामद कर लिया गया था, लेकिन विकास शर्मा का कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद से ही एनडीआरएफ, होमगार्ड और पुलिस की टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही थीं। आज छह दिन बाद एनडीआरएफ की टीम को सफलता मिली और विकास के शव को ढुंढ निकाला गया।

 

यह भी पढ़ें : JE नवीन मामले में बड़ा खुलासा-  4 लोगों संग होटल में की थी पार्टी, फिर हुआ था बवाल

छह दिन बाद झाड़ियों में मिला शव

आज सुबह सतलुज नदी के किनारे झाड़ियों में फंसा हुआ एक शव दिखाई दिया, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और परिजनों द्वारा पहचान की पुष्टि के बाद मृतक की पहचान विकास शर्मा के रूप में की। शव की स्थिति से अनुमान लगाया जा रहा है कि वह घटना के दिन ही बहकर कुछ दूरी पर फंस गया था।

पुलिस ने की पुष्टि

इस घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक ऊना संजीव कुमार भाटिया ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि यह एक बेहद दुखद घटना है और पुलिस परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने रीतांश बाली की वीरता को सलाम करते हुए उसे असली नायक बताया, जिसने दूसरों की जान बचाते हुए खुद की कुर्बानी दी।

 

यह भी पढ़ें : बरसात से निपटने को विक्रमादित्य का विभाग तैयार, बाढ़ में पुल टूटा तो 15 दिन में बनेगा नया बैली ब्रिज

प्रशासन ने दी चेतावनी

बता दें कि हिमाचल में मानसून के सीजन में प्रदेश के नदी नालों का जलस्तर काफी बढ़ जाता है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन बार बार लोगों को नदी नालों की तरफ ना जाने की चेतावनी जारी करता है। बावजूद इसके लोग नदी नालों में जा रहे हैं और उनमें नहाने के लिए भी उतर रहे हैं। जिसके चलते इस तरह के हादसे हो रहे हैं।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख