#हादसा
February 24, 2026
हिमाचल : पिकअप की चपेट में आई स्कूटी, दो दोस्तों की दर्दनाक मौ.त- आरोपी चालक अरेस्ट
स्कूटी पर काम से जा रहे थे दो युवक
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कहीं तेज रफ्तार तो कहीं ओवरस्पीड और लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। आए दिन हो रहे हादसे कई परिवारों की खुशियां छीन रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला जिला ऊना से सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी पर सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला ऊना के गगरेट उपमंडल के तहत आने वाले संघनई गांव का है। हादसा बीते कल सोमवार को पेश आया है। जब दो युवक स्कूटी पर कहीं जा रहे थे। रात का समय था और सड़क पर ज्यादा आवाजाही भी नहीं थी।
इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों को चोटें इतनी गंभीर थीं कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार वालों में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में पूरे गांव में यह दुखद समाचार फैल गया और माहौल गमगीन हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को बाद में हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ऊना भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है कि हादसा किस वजह से हुआ और कहीं लापरवाही या तेज रफ्तार इसकी मुख्य वजह तो नहीं थी। इस दुखद घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है। गांव में शोक की लहर है और लोग पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।