#हादसा

June 4, 2025

हिमाचल: खेत में किसान पर गिरी हाईवोल्टेज तार, 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

दो बैलों के साथ खेत में जुताई कर रहा था किसान, तीनों की थम गई सांसें

शेयर करें:

farmer una news

ऊना। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ताजा मामला ऊना जिला के उपमंडल बंगाणा से सामने आया है। यहां खेत में काम करते समय करंट लगने से एक किसान और उसके दो बैलों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाई वोल्टेज तार अचानक टूटकर नीचे गिर गई।

बैलों से खेत की जुताई कर रहा था किसान

हादसे में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान कर्मचंद पुत्र राम चंद निवासी वार्ड नंबर.1 कठोह जिला ऊना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उपमंडल बंगाणा के तहत आती ग्राम पंचायत कठोह में कर्मचंद आज बुधवार को अपने दो बैलों के साथ खेत में जुताई कर रहे थे। इसी बीच खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाई वोल्टेज तार टूटकर सीधे बैलों पर आ गिरी। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सड़क से लुढ़की कार - घर की छत पर गिरी, युवा डॉक्टर की थम गई सांसें

बैलों पर गिरी बिजली की तार

करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों बैल मौके पर ही ढेर हो गए। बैलों को बचाने की कोशिश में कर्मचंद खुद भी बिजली की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और करंट से झुलसे कर्मचंद को ऊना अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस बिजली विभाग मौके पर पहुंचा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और विभागीय लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: अभी ठंडी भी नही पड़ी थी ताऊ की चिता, चिट्टा खरीदने अमृतसर पहुंच गया 20 वर्षीय भतीजा

पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। मृतक मेहनत मजूदरी कर पत्नी और पांच बच्चों का पेट पालता था। मृतक किसान के घर में पत्नी के अलावा चार बेटियां और एक बेटा है। जिनके सिर से अब सदा के लिए पिता का साया उठ गया है। इस घटना के बाद  ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन को जर्जर विद्युत लाइनों के बारे में सूचित किया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दुलहन बन पत्नी ने शहीद पति को किया विदा, मां करती रही सलाम- छोटे भाई ने दी मुखाग्नि

बढ़ते हादसे जता रहे सवाल

प्रदेश में लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर रही हैं। खुले में लटकती विद्युत लाइनों और समय पर मेंटेनेंस न होने के कारण जानलेवा हादसे बढ़ते जा रहे हैं। जरूरत है कि प्रशासन जागे और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख