#हादसा
February 22, 2026
हिमाचल: बैक ले जाते नाले में जा गिरी पिकअप, 26 वर्षीय युवक की थम गई सांसें; एक घायल
परिवार ने खो दिया जवान बेटा, पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
शेयर करें:

नाहन। हिमाचल प्रदेश की दुर्गम और सर्पीली सड़कों पर एक बार फिर लापरवाही भारी पड़ गई। सिरमौर जिला के शिलाई क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार का सहारा छीन लिया। पिकअप वाहन के नाले में गिरने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे ने एक हंसते खेलते परिवार को उजाड़ दिया। वहीं परिवार से कमाउ बेटा भी छीन लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बच्चा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़- 3 अरेस्ट, एक नवजात का रेस्क्यू- पंजाब तक फैला है जाल
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान रमेश कुमार पुत्र जीत सिंह निवासी गांव चचराडा डाकघर शिरी क्यारी तहसील शिलाई के रूप में हुई है। वहीं पिकअप चला रहे 25 वर्षीय विपिन कुमार घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ, जब चालक पिकअप को बैक ही पीछे ले जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा गांव मंगताड़ी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क संकरी होने और वाहन मोड़ने के लिए पर्याप्त जगह न होने के कारण चालक ने करीब 50 मीटर पीछे जाकर पिकअप को नाले में मोड़ा और उसे बैक ही मंगताड़ी की तरफ ले जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से सीधे नीचे नाले में जा गिरा। नाले में गिरने से वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
यह भी पढ़ें :हिमाचल : घर में तोड़फोड़ का काम बना काल- खेलते बच्चे पर गिरी ईंट, अस्पताल में तोड़ा दम
गाड़ी के नाले में गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने नाले में उतर कर दोनों घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने रमेश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि विपिन का उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सुनसान जगह खड़ी कार में 2 युवतियों संग मिला एक युवक, बड़े गिरोह का हुआ पर्दाफाश
हादसे की सूचना मिलते ही शिलाई पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि पहाड़ी प्रदेश में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बेहद जरूरी है। छोटी सी चूक न केवल चालकए बल्कि पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है।