#हादसा
August 2, 2026
हिमाचल : सड़क किनारे पैदल जा रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, मौके पर तोड़ा दम
सड़क किनारे पैदल जा रहे व्यक्ति को मारी टक्कर
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में तेज रफ्तार का कहर लगातार लोगों की जान ले रहा है। आए दिन सामने आ रहे सड़क हादसे चिंता बढ़ा रहे हैं। अब ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा सिरमौर जिले में हुआ है। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे पैदल जा रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के नाहन-पांवटा-देहरादून नेशनल हाईवे से सामने आया है। यहां पर बीते कल शनिवार को एक व्यक्ति सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान नाहन की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर रुकने के बजाय गाड़ी लेकर वहां से भाग गया। यह देखकर आसपास के लोग तुरंत उसके पीछे गए। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसे वापस हादसे वाली जगह पर ले आए।मृतक की पहचान टोकियों गांव निवासी ओम प्रकाश पुत्र चुड़ सिंह के रूप में हुई है।
इसके बाद लोगों ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक NS नेगी ने बताया कि हादसे को लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ओम प्रकाश का शव परिवार को सौंप दिया गया है।
इस हादसे की खबर मिलते ही टोकियों गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। ओम प्रकाश की मौत से परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं। हादसे के बाद लोगों में भी काफी दुख और गुस्सा देखने को मिला।