#हादसा
April 12, 2025
हिमाचल: परिवार ने खोया 20 साल का बेटा, बिना हेलमेट दौड़ा रहा था बाइक
बिना हेलमेट के खतरनाक रफ्तार से दौड़ा रहे थे गाड़ी
शेयर करें:

नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन में नेशनल हाईवे 7 पर बाइक पर सवार दो युवकों की ओवर स्पीडिंग जानलेवा बन गई। काला अंब रोड पर एक गौशाला के पास बेकाबू होकर बाइक सड़क पर फिसल गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल है।
बाइक हरियाणा नंबर की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक अंधाधुंध रफ्तार से दौड़ रही थी। तभी अचानक काला अंब रोड पर गौशाला के पास बाइक चलाने वाले ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी अचानक फिसल गई। इससे दोनों युवक सड़क पर गिर गए और बेहोश हो गए। लोगों ने उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवक की पहचान संजय कुमार (20 वर्ष), निवासी 1868/1 माजरी, अंबाला सिटी (हरियाणा) के रूप में हुई है। डॉक्टरों ने उसकी मौत का कारण सिर पर चोट लगना बताया है। चश्मदीदों का कहना है कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहनी थी और वे खतरनाक ढंग से गाड़ी चला रहे थे। अगर उन्होंने हेलमेट पहना होता तो उनकी जान बच सकती थी।
यह भी पढ़ें : जैश के तीन आतंकियों को ढेर कर शहीद हुआ हिमाचल का लाल; तिरंगे में आएगा घर
हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक की पहचान सुमित कुमार, निवासी 936/6 नोवेल्टी रोड, अंबाला सिटी के रूप में हुई है। पुलिस ने सुमित कुमार के बयान दर्ज कर लिए हैं। नाहन पुलिस ने कच्चा टैंक पुलिस चौकी की सूचना पर बीएनएस की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज किया है। मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में टूटा 5 दशक पुराना पुल: सीमेंट भरे ट्रक का लोड नहीं सह पाया- हुआ ये अंजाम
इस हादसे में एक हंसते खेलते परिवार से उनका जवान बेटा छीन लिया है। बेटे की मौत की खबर जैसे ही परिजनो को मिली तो वह अपनी सुधबुध खो बैठे। उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि उनका जवान बेटा अब इस दुनिया में नहीं है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट ने पूछा- जुर्माना लेकर कितने अवैध निर्माण को वैध किया? सरकार से मांगे आंकड़े
बता दें कि हिमाचल सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। अधिकतर हादसों का कारण तेज रफ्तार और वाहन चालकों की लापरवाही मानी जाती है। जिसके चलते प्रदेश में सड़क हादसों में मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है।