#हादसा
August 26, 2026
हिमाचल : पब्बर नदी में मिली दूसरे छात्र की देह, परिजनों की टूटी उम्मीद- इलाके में पसरा मातम
नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए दोनों छात्र
शेयर करें:

शिमला। रोहड़ू उपमंडल में पब्बर नदी में नहाने के दौरान डूबे दोनों 16 वर्षीय छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्थानीय लोगों, पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने मिलकर कई घंटे तक नदी में खोज अभियान चलाया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
SDM रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि 16 वर्षीय शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल निवासी करासा और 16 वर्षीय सक्षम पुत्र राजदेव निवासी बनोटी पब्बर नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद नदी में दोनों छात्रों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। प्रशासन ने NDRF की टीम को भी सूचना दी, जिसके बाद NDRF की टीम मौके पर पहुंची और खोज अभियान में जुट गई।
रेस्क्यू अभियान के दौरान कोटडु (करासा) निवासी मंगत राम डोगरा ने पहले छात्र के शव को पब्बर नदी से बाहर निकाला। वहीं, दूसरे छात्र के शव को NDRF की टीम की मदद से नदी से बाहर निकाला गया।
SDN ने बताया कि प्रशासन की ओर से दोनों छात्रों के परिवारों को नियमानुसार फौरी राहत दी गई है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव मदद और सहयोग दिया जाएगा।
इस दुखद हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों छात्रों की मौत से परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं। प्रशासन ने दोनों मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई है।