#हादसा
March 3, 2026
हिमाचल : चढ़ाई में ड्राइवर से नहीं संभली गाड़ी, गहरी खाई में जा गिरा- अस्पताल में तोड़ा दम
पहाड़ी सड़क पर हादसा, आईजीएमसी में उपचार के दौरान तोड़ा दम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे जानलेवा साबित हो रहे हैं। पहाड़ी सड़कों पर जरा सी चूक कई बार जिंदगी छीन लेती है। ताजा मामला जिला शिमला के ढली थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां चढ़ाई पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश एक चालक की जिंदगी पर भारी पड़ गई।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार वीरेंद्र सिंह निवासी धगोगी ने बताया कि वह अपने घर के पास टहल रहा था। इसी दौरान पास में अजय कुमार अपनी गाड़ी (एचपी-63ए-7087) के साथ मौजूद था। जब अजय ने वाहन स्टार्ट कर पहाड़ी पर चढ़ाने की कोशिश की, तो अचानक गाड़ी तेज रफ्तार से पीछे की ओर लुढ़क गई और संतुलन बिगड़ने से सीधे खाई में जा गिरी।
हादसे के तुरंत बाद घायल अजय कुमार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
वहीं, ढली थाना पुलिस ने कहा है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पहाड़ी इलाकों में वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की गई है।