#हादसा
October 1, 2025
हिमाचल: बेकाबू सांड ने बुजुर्ग व्यक्ति को कुचल डाला, डॉक्टर्स भी नहीं बचा सके जान
तमाम कोशिशों के बावजूद नहीं बच पाई जान
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां पर एक आवारा सांड के चलते 77 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई जो गणपति चौक के निवासी थे। स्थानीय लोग कहते हैं कि इलाके में आवारा पशुओं का आतंक बढ़ गया है और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोग सांडों के आतंक से घबराए हुए हैं।
हादसा भुंतर के सैनिक चौक के पास हुआ। 77 साल के चरण राय सिंह अपने काम के बाद बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक एक आवारा सांड उनपर टूट पड़ा। सांड ने उन्हें बुरी तरह से पटककर घायल कर दिया।
जैसे ही ये हादसा हुआ, चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत घायल बुजुर्ग को कुल्लू अस्पताल पहुंचाया। हालांकि तमाम कोशिशों के बाद भी बुजुर्ग की जान ना बच सकी। डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन आवारा पशुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। भुंतर के मुख्य बाजार मार्ग, भुंतर पुल, सब्जी मंडी व मेला ग्राउंड के आस-पास सांडों का झुंड बेखौफ घूमता रहता है।
सांड आपस में लड़ पड़ते हैं जिससे बाजार में भगदड़ मच जाती है, ट्रैफिक भी रुक जाता है और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आते हैं। इस दौरान कई लोग चोटिल भी हो जाते हैं।
अब स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि प्रशासन एक्शन लेने के लिए किस चीज का इंतजार कर रहा है। क्या जब कोई और जानलेवा हादसा हो जाएगा, तब प्रशासन जागेगा। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन को तुरंत एक्शन लेना चाहिए।