#हादसा
August 1, 2026
हिमाचल : भारी बारिश के बीच तीखे मोड़ पर पलटा सीमेंट से लदा ट्रक, मौके पर मची अफरा-तफरी
ट्रक ड्राइवर ने खोया वाहन पर से बैलेंस
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में बारिश के बीच सड़क हादसों का सिलसिला बड़ता जा रहा है। ताजा मामला चंबा के बनीखेत-चंबा मार्ग से सामने आया है, जहां बोंखरी मोड़ के पास सीमेंट से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह बोंखरी मोड़ के पास सीमेंट से भरा ट्रक जा रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक सड़क पर ही पलट गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग भी पहुंच गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस हाईकमान से मिले CM सुक्खू और प्रदेश अध्यक्ष, कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज
ट्रक के पलटने के दौरान सड़क किनारे लगा बिजली बोर्ड का एक पोल भी इसकी चपेट में आ गया और क्षतिग्रस्त हो गया। पोल के टूटने से बोंखरी मोड़, तल्ला और आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली की सप्लाई बंद हो गई। इससे लोगों को कुछ समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली सप्लाई बाधित होने की सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड की टीम मौके पर पहुंच गई। कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पोल को ठीक करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू कर दिया। विभाग की टीम स्थिति को जल्द सामान्य करने में जुटी रही।
यह भी पढ़ें : बेरोजगारों के लिए खुशखबरी, 8वीं पास के लिए नौकरी; हर महीने मिलेगी 24 हजार सैलरी
इसी मार्ग पर बोंखरी मोड़ से कुछ दूरी आगे नाल्डा पुल के पास एक और हादसा हो गया। यहां एक पिकअप वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। इस हादसे में भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
एक ही मार्ग पर कुछ दूरी के अंतराल में हुए दोनों हादसों के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। संबंधित विभागों को हादसों की सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का काम शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें : आज खाते में आएगी सैलरी : सुक्खू सरकार दो किस्तों में लेने जा रही 700 करोड़ का कर्ज
दोनों हादसे किस वजह से हुए, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि वाहनों के अनियंत्रित होने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। संबंधित विभाग और पुलिस मामले को लेकर जानकारी जुटा रहे हैं।