#हादसा
February 27, 2026
हिमाचल: ओवरटेक करना पड़ा भारी, सड़क किनारे पेड़ से टकराई पुलिस गाड़ी, 7 जवान थे सवार
अचानक मारी इमरजेंसी ब्रेक
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में सड़क पर जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। तीखे मोड़ और संकरी सड़कों के बीच हर सफर जोखिम भरा होता है। ऐसा ही एक खतरनाक सड़क हादसा जिला कांगड़ा में सामने आया, जहां तेज रफ्तार वाहन की वजह से पुलिस की जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला कांगड़ा के देहरा से ज्वालाजी मुख्य सड़क पर आज शुक्रवार पेश आया है। बता दे कि खुंडियां थाना की पुलिस टीम किसी आधिकारिक कार्य से देहरा की ओर जा रही थी। सुबह का समय सुबह का समय होने के कारण सड़क पर सामान्य आवाजाही थी।
यह भी पढ़ें : बुरी फंसी SDM ओशीन- ब्रांड प्रमोशन मामले में जांच के निर्देश, मैडम ने सोशल मीडिया से हटाया वीडियो
जैसे ही पुलिस जीप धवाला बाजार से थोड़ा आगे पहुंची, सामने से आ रहे एक अन्य वाहन चालक ने तेज रफ्तार में ओवरटेक करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उस वाहन ने लापरवाही से पुलिस जीप के बिल्कुल आगे कट मार दिया।
अचानक सामने वाहन आने से जीप चालक के पास संभलने का ज्यादा समय नहीं था। टक्कर से बचने के लिए उसने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन ब्रेक लगाते ही गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। जीप फिसलती हुई सड़क किनारे ढलान की तरफ चली गई।
स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती थी, क्योंकि सड़क के उस हिस्से के पास गहरी ढलान है। हालांकि किस्मत अच्छी रही कि जीप एक पेड़ से टकराकर रुक गई। अगर पेड़ से टक्कर न होती तो वाहन ढलान से नीचे गिर सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस कर्मियों को जीप से बाहर निकालने में मदद की। कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात बाधित हो गया।
लेकिन गनीमत यह रही कि किसी को चोट नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस की दूसरी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को संभाला, क्षतिग्रस्त जीप को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क काफी व्यस्त रहती है और यहां अक्सर तेज रफ्तार व लापरवाही से गाड़ी चलाने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाए और नियमित निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।