#हादसा
May 1, 2026
हिमाचल: मन्नत पूरी करने मंदिर जा रहा था परिवार, रास्ते में हुई अनहोनी- मां की मौ*त, बच्चों समेत 3 घायल
अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई कार
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जिस कारण एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला कागंड़ा के नूरपुर क्षेत्र के कंडवाल चौकी के पास पक्का टियाला में हुआ। बताया जा रहा है कि संजीव कुमार अपने परिवार के साथ पठानकोट के पास एक धार्मिक स्थल पर मन्नत पूरी करने जा रहे थे। उनके साथ कार में उनकी मां रानी देवी, बेटी अमायरा और बेटा समर भी मौजूद थे।
सफर के दौरान जैसे ही उनकी कार पक्का टियाला के पास पहुंची, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी के आगे का हिस्सा पूरी तरह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए।

उन्होंने बिना देर किए घायलों को कार से बाहर निकाला और पास के अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया। अस्पताल में डॉक्टरों ने रानी देवी को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिवार में मातम पसर गया। वहीं, कार चला रहे संजीव कुमार की टांग में फ्रैक्चर आया है और उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि कार में सवार दोनों बच्चे इस हादसे में सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा आखिर किन कारणों से हुआ चाहे वह तेज रफ्तार हो, वाहन पर नियंत्रण खोना हो या सड़क की स्थिति।