#हादसा

April 22, 2025

हिमाचल: बिजली विभाग ने ट्रेनी युवक को पोल पर चढ़ाया, हाई वोल्टेज के झटके से नीचे गिरा

नियमों के खिलाफ है ट्रेनी से यह काम करवाना 

शेयर करें:

Himachal Kangra News

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के फतेहपुर में आईटीआई पास 25 साल के ट्रेनी अप्रेंटिस को पोल पर चढ़ा दिया। फिर क्या था, हाई वोल्टेज का झटका लगने से युवक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

निखिल मनकोटिया नाम के इस ट्रेनी को जसूर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका ऑपरेशन किया गया है। नियम के अनुसार, किसी ट्रेनी अप्रेंटिस को बिजली के खंबे पर नहीं चढ़ाया जाता। निखिल मनकोटिया पांच महीने से बिजली विभाग में ट्रेनिंग ले रहा था। इस जानलेवा लापरवाही के कारण अब बिजली विभाग पर सवाल उठ रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गुंडागर्दी- रातभर रस्सियों से बांधा शख्स, पत्नी को धमका कर मांगी फिरौती- जानें पूरा मामला

पैरों पर आई गंभीर चोट

गोलवां गांव के रहने वाले निखिल मंगलवार को खंबे पर चढ़कर लाइन सुधारने का काम कर रहा था। चश्मदीदों ने बताया कि काम करते हुए उसे अचानक करंट का जोरदार झटका लगा। निखिल पहले तो चिल्लाया और फिर खंबे से नीचे गिर पड़ा। ऊंचाई से गिरने के कारण निखिल के पैरों पर गंभीर चोट आई। लोगों ने पहले उसे फतेहपुर के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जसूर के प्राइवेट अस्पताल में रेफर किया गया।

 

यह भी पढ़ें : पंजाब से हिमाचल के शक्तिपीठ आया था दंपत्ति, दर्शन करने से पहले स्वर्ग सिधारा पति

पोल पर ट्रेनी को कैसे चढ़ाया

सवाल इस बात का है कि बिजली विभाग ने एक ट्रेनी को पोल पर चढ़कर बिजली सुधारने का काम कैसे सौंपा, जबकि इसके लिए ट्रेंड लाइनमैन की जरूरत होती है। दूसरा सवाल यह भी है कि क्या निखिल को सुरक्षा उपकरण और निगरानी के साथ पोल पर चढ़ाया गया था? इस घटना से स्थानीय लोग बहुत नाराज हैं। उनका कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारियों की इस लापरवाही पर उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा या नहीं?  

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: नेपाली को ठेके पर खेत देना पड़ा भारी, आरोपी ने उगा डाली नशे की फसल 

जांच के आदेश

हल्ला होने के बाद बिजली बोर्ड ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। विभाग जल्दी ही इस पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा। निखिल के परिजनों ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है, साथ ही कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर  नए सिरे से नियम बनाने का आग्रह किया है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख