#हादसा
April 11, 2026
हिमाचल: पूरी उम्र किया काम, आराम के दिन आए तो निकले प्राण- 10 दिन पहले रिटायर हुए थे पुरुषोत्तम
पेंशन से जुड़े काम के लिए गए थे दफ्तर
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर से एक दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां पशुपालन विभाग के कार्यालय में अपने काम से आए एक सेवानिवृत्त कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जिसके बाद पूरे परिवार में माहौल गमगीन हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर के खतरवाड़ का है। बता दें कि वह आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी कड़ोहता में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे और हाल ही में 31 मार्च को ही सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद वह अपने पेंशन से जुड़े कार्यों को पूरा करने के लिए बीते कल शुक्रवार को पशुपालन विभाग के कार्यालय हमीरपुर पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पहले चिट्टे संग पकड़ा गया व्यक्ति, फिर कोर्ट से भागने की कोशिश- पुलिस ने कसा शिंकजा
बताया जा रहा है कि वह कुछ समय तक कार्यालय में बैठे रहे और इसी दौरान उन्होंने पानी भी पिया। इसके कुछ ही देर बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनकी हालत को देखते हुए वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने बिना देर किए उन्हें तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: युवती को ले गया अंजान जगह, धोखे से बनाया वीडियो- ब्लै*कमेल कर बार-बार किया गंदा काम
हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान पुरुषोतम लाल, निवासी खतरवाड़ के रूप में हुई है।
वहीं, मामले की पुष्टि करते हुए संबंधित अधिकारी बलवीर सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। प्रशासन आगे की कार्रवाई उसी के आधार पर करेगा।