#हादसा
June 9, 2025
हिमाचल : जमीन निगल गई या आसमान खा गया ! जंगली सब्जी खाने वाले 3 लोगों का नहीं कोई सुराग
यह कैसा साग.? जिसे खाने से लोग हो गए गायब
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के तहत आते जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी से बीते सप्ताह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई थी, जहां जंगली जहरीली साग की सब्जी खाने के बाद सात लोग अजीबो-गरीब हरकतें कर रहे थे। इस बीच उनमें से तीन लोग रहस्यमयी रूप से लापता हो गए थे। जिनका पिछले नौ दिनों से कुछ भी सुराग नहीं मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब पांगी वनमंडल के तहत तार स्पेन के काम से जुड़ी एक टीम जंगल में तैनात थी। इस दल में कुल सात लोग शामिल थे। बीते एक जून दिन शनिवार को दोपहर के खाने में इन लोगों ने जंगल से तोड़कर जंगली साग की पत्तियों से सब्जी बनाई।
भोजन के करीब 15 से 20 मिनट बाद सभी लोगों की हालत अचानक बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आने लगे, शरीर सुन्न पड़ने लगा और देखते ही देखते वे बेहोश हो गए।
जिसके बाद इनमें से तीन लोग- जगदीश, राज कुमार और प्रीतम सिंह किसी तरह होश में आए और फिर स्थानीय लोगों द्वारा अस्पताल किलाड़ में भर्ती कराए गए। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि, बेहोश होने के बाद उन्हें एक-दूसरे की कोई खबर नहीं रही। जैसे ही उठने की कोशिश करते, शरीर फिर से गिर जाता। इनकी स्थिति इतनी खराब थी कि वे यह भी नहीं जान पाए कि बाकी तीन साथियों का क्या हुआ।
वहीं, लापता हुए तीन व्यक्तियों की तलाश के लिए बीते कल रविवार को भी बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसमें पुलिस बटालियन, एनडीआरएफ, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की मदद ली गई।
कुसलून और उसके आसपास के पूरे जंगल को छान मारा गया, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। स्थानीय ग्रामीण भी इस सर्च अभियान में शामिल हुए। बावजूद इसके लापता लोगों का पता नहीं चल पाया है। आज यानी सोमवार सुबह से एक बार फिर से तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।
उधर, किलाड़ थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक लापता लोगों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन प्रयास लगातार जारी हैं। प्रशासन इस हादसे को गंभीरता से ले रहा है और क्षेत्र के अन्य लोगों को भी जंगल की जंगली वनस्पतियों को पहचानने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।