#हादसा
March 5, 2026
हिमाचल में भीषण सड़क हाद*सा: खाई में लुढ़का बेकाबू कैंटर, 10 से 15 श्रद्धालु थे सवार
तेज रफ्तार बताया जा रहा कारण
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बुधवार देर रात पीरनिगाह के समीप एक तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में कैंटर सवार 9 श्रद्धालु घायल हो गए हैं जिनमें से 4 की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के कुरुक्षेत्र (पिहोवा) स्थित गांधी नगर के रहने वाले करीब 10-15 श्रद्धालु कैंटर (नंबर HR45B-1564) में सवार होकर हिमाचल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों बाबा बड़भाग सिंह मैडी और पीरनिगाह में माथा टेकने आए थे। हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे उस समय हुआ जब ये सभी श्रद्धालु दर्शन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे।
पीरनिगाह के पास एक तीखे मोड़ पर कैंटर की रफ्तार ज्यादा होने के कारण चालक साहिब सिंह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ने से कैंटर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इस घटना में चालक सहित कुल 9 लोग चोटिल हुए हैं।
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 4 लोगों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ भेज दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कुरुक्षेत्र निवासी संजय की शिकायत पर सदर ऊना पुलिस ने कैंटर चालक साहिब सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और MV एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। ऊना के SP सचिन हिरेमठ ने पुष्टि की है कि पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।