#हादसा
August 16, 2026
हिमाचल: चालक के उतरते ही युवक ने स्टार्ट कर दी जीप, खाई में गिरने से एक की थमी सांसे
मेले से लौट रहे लोगों की जीप खाई में गिरी
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां पर एक जीप गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र के छतरी से सामने आया है। जीप में सवार लोग मेले में हलवाई की दुकान लगाने के लिए आए थे। दिनभर काम करने के बाद सभी रात को आराम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वाहन चालक इंद्र देव पुत्र काहन सिंह निवासी पनाहर, छतरी से करीब 200 मीटर आगे जीप से शौच के लिए उतर गया।
बताया जा रहा है कि चालक के जीप से बाहर निकलते ही पीछे बैठे जगदीश कुमार पुत्र प्यारे लाल ने बिना पूछे गाड़ी स्टार्ट कर दी और उसे चलाने लगा। जब चालक ने उसे ब्रेक लगाने के लिए कहा, तब तक जीप उसके नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी और सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
जीप के खाई में गिरने से जगदीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, किशन चंद पुत्र रती राम निवासी जूड़ घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल जंजैहली पहुंचाया।
अस्पताल में घायल किशन चंद को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह जीप को बिना चालक की अनुमति के चलाने से जुड़ी लापरवाही सामने आ रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी करसोग चांद किशोर ने हादसे की पुष्टि की है।