#अपराध
August 16, 2026
हिमाचल : नशे की डील करने निकले थे चार यार, कार में फुट मैट के नीचे छिपाया था चिट्टा
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। आए दिन पुलिस नशे के साथ तस्करों को सलाखों के पीछे डाल रही है, लेकिन तस्कर है कि सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला जिला शिमला से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने नशे की ढेर सारी खेप के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के दत्तनगर मिल्क प्लांट से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को जांच के लिए रोका।
पुलिस को सामने देखकर कार में सवार चारों युवक घबरा गए। उनकी संदिग्ध हरकतों को देखते हुए पुलिस को शक हुआ और टीम ने कार की तलाशी शुरू कर दी। पुलिस ने जब गाड़ी की गहनता से जांच की तो फुट मैट के नीचे कुछ छिपाए जाने का संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने मैट हटाकर तलाशी ली, जहां नीचे छिपाकर रखा 7 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।

पुलिस को चिट्टा मिलते ही चारों को नशे की खेप सहित हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान अक्षय (30) निवासी रामपुर, पवन (32) निवासी रामपुर, सुनील ठाकुर (40) निवासी जोगिंदरनगर, जिला मंडी और बिपुल शर्मा (32) निवासी रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने नशे की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी सीज कर लिया है।
इस मामले में रामपुर पुलिस थाना में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास चिट्टा कहां से आया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपियों के आपसी संबंधों के साथ-साथ नशे के इस कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। मामले की पुष्टि DSP रामपुर नरेश शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।