#हादसा
February 6, 2026
हिमाचल में अनर्थ: 200 साल पुराना गिरड़ माता का मंदिर राख, मूर्तियों को भी नुकसान
मंदिर की धरोहर को पहुंचा नुकसान
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां आस्था का प्रतीक करीब 200 साल पुराना गिरड़ माता मंदिर अचानक भीषण आग की चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में मंदिर पूरी तरह इसकी चपेट में आ गया और हालात ऐसे बन गए कि आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया।
बता दें कि हादसा आज शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ है। जब लोगों ने मंदिर से धुआं उठता देखा और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में मंदिर के अंदर से हल्का धुआं निकलता दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया।
देवदार की लकड़ी से बने इस प्राचीन मंदिर ने कुछ ही देर में पूरी तरह आग पकड़ ली। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते और आग बुझाने की कोशिश करते, तब तक मंदिर का पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया।
इस अग्निकांड में मंदिर के अंदर स्थापित संगमरमर, ब्लैक स्टोन और पीतल से बनी मूर्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। यह मंदिर सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था और विश्वास का केंद्र था। मंदिर के जलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों को भी जानकारी दी गई। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोग अंदेशा जता रहे हैं कि आग किसी तकनीकी कारण या शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गिरड़ माता मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है और इसका इस तरह नष्ट होना बेहद दुखद है। विधायक ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि नुकसान का जल्द से जल्द विस्तृत आकलन किया जाए और आगे की जरूरी कार्रवाई अमल में लाई जाए।