#हादसा
April 10, 2026
हिमाचल : रात को गहरी खाई में गिरा ट्रक, सुबह चला पता; पास पड़ी थी युवक की देह
ट्रक के उड़ चुके थे परखच्चे
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कभी बारिश से सड़कों पर बढ़ी फिसलन तो कभी चालकों की छोटी-सी लापरवाही, आए दिन किसी न किसी हादसे की वजह बन रही है। इसी कड़ी में अब ताजा मामला जिला चंबा से सामने आया है, जहां एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला चंबा के सलूणी- हिमगिरी मार्ग लडेर पर पेश आया है। बताया जा रहा है कि घटना बीते कल वीरवार की है। ट्रक रात के समय अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। देर रात का समय होने और सड़क सुनसान होने के कारण हादसे की तुरंत जानकारी किसी को नहीं मिल पाई।
ट्रक सड़क से नीचे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में वहीं पड़ा रहा, लेकिन अंधेरे की वजह से किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। आज शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोग उस रास्ते से गुजर रहे थे, तो उनकी नजर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पर पड़ी। ट्रक की हालत देखकर उन्हें अंदाजा हो गया कि कोई बड़ा हादसा हुआ है।
इसके बाद उन्होंने बिना देर किए पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई और वहां पहुंचकर हालात का जायजा लिया। जांच के दौरान पता चला कि हादसे में ट्रक चालक की मौत हो चुकी है।
मृतक चालक की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह ट्रक चनेड़ क्षेत्र का था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किस वजह से हुआ, जैसे तेज रफ्तार, नींद, खराब सड़क या कोई तकनीकी खराबी, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
SP विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक दुर्घटना में चालक की मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।