#हादसा
April 5, 2025
हिमाचल: रेत भरे टिप्पर में बैठे थे 4 लोग- खाई में गिरा, 11 साल का ईशान नहीं बच पाया
3 अन्य घायल टांडा मेडिकल कॉलेज में दाखिल
शेयर करें:
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बच्चे की जान चली गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना बीते कल शुक्रवार देर रात उस समय हुई, जब एक टिपर गरनोटा से रेत लेकर गांव भौंट की ओर जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टिपर पलोथर के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ईशान कपूर नामक 11 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ब्रेकिंग: सड़क से फिसली प्राइवेट बस, पत्थरों ने बचा ली 50 मुसाफिरों की जान
ईशान, भौंट गांव के रहने वाले शिव कुमार का बेटा था। वाहन में सवार अन्य घायलों में छह वर्षीय आयांश कपूर, 35 वर्षीय तृप्ता देवी और 32 वर्षीय चालक करण सिंह शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि चालक करण सिंह, निवासी अंदरालानाल, जब रात के समय रेत लेकर भौंट की ओर जा रहा था, तब यह हादसा हुआ। टिप्पर में उसके साथ ईशान, आयांश और तृप्ता देवी भी सवार थे। जैसे ही वाहन पलोथर के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और टिपर सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
यह भी पढ़ें : दादी के साथ काम में हाथ बंटा रही थी कृतिका, अचानक गैस लगने से बिगड़ी तबियत और..
ग्रामीणों ने खाई में गिरने की आवाज सुनते ही घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सामोट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ईशान को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस थाना सिहंता के प्रभारी मनोज कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच जारी है। बहरहाल, यह हादसा एक बार फिर से यह सवाल खड़ा करता है कि पहाड़ी क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सुरक्षा मानकों का पालन कितना किया जा रहा है।