#हादसा

September 4, 2026

हिमाचल: हाईवे पर दो कारों में हुई जोरदार टक्कर, दादा की थमी सांसें; बेटा और पोता-पोती पहुंचे अस्पताल

बुजुर्ग पिता को दवाई दिलाने अस्पताल जा रहे थे 

शेयर करें:

una car accident

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरा जख्म दे दिया। ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिलवां के पास दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 68 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गौरव जसवाल, पोती अन्वी जसवाल और पोता आरव जसवाल घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया।

पिता को दवाई दिलाने ऊना जा रहा था बेटा

जानकारी के अनुसार नकड़ोह निवासी राजेंद्र प्रसाद अपने बेटे गौरव जसवाल, पोती अन्वी और पोते आरव के साथ ऑल्टो कार में ऊना की तरफ जा रहे थे। गौरव अपने पिता को दवाई दिलाने के लिए उन्हें ऊना ले जा रहा था। परिवार को क्या पता था कि रास्ते में एक दर्दनाक हादसा उनका इंतजार कर रहा है। दिलवां के पास पहुंचते ही सामने से आ रही ब्रेजा कार के साथ उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 19 वर्षीय युवक के पास मिला लाखों का चिट्टा, बाइक पर निकला था सप्लाई करने; हुआ अरेस्ट

जोरदार टक्कर के बाद मची चीख-पुकार

हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों कारों में सवार लोग हादसे के बाद घायल अवस्था में फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की और पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान 68 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद ने दम तोड़ दिया। हादसे में उनके बेटे और पोता-पोती भी घायल हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट का बड़ा झटका, HIMUDA CEO की नियुक्ति रद्द, अपात्र’ को पद देने पर उठाए सवाल

एयरबैग खुले तो टला और बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों कारों की टक्कर बेहद जोरदार थी। टक्कर के बाद वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि दोनों कारों के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया। ब्रेजा कार में हरियाणा के पिहोवा से आए दो लोग सवार थे, जो सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

मां बगलामुखी मंदिर जा रहे थे हरियाणा के लोग

बताया जा रहा है कि ब्रेजा कार में सवार लोग हरियाणा के पिहोवा से हिमाचल आए थे और मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर ऑल्टो कार में सवार परिवार ऊना की तरफ जा रहा था। पुलिस के अनुसार दिलवां के पास ब्रेजा चालक युवराज सिंह ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सामने से आ रही ऑल्टो से जा टकराई। टक्कर के बाद ब्रेजा कार घूमकर विपरीत दिशा में हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार की उलटी गिनती शुरू! दिल्ली रवाना हुए CM सुक्खू, सुंदर ठाकुर भी पहुंचे

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

दुर्घटना के बाद ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। दोनों क्षतिग्रस्त कारों के सड़क पर होने के कारण कुछ समय तक वाहन एक ही लाइन से गुजरते रहे। इससे मौके पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सोशल मीडिया पर दोस्ती.. प्यार में बदली, शादी करूंगा कह होटल में की युवती से नीचता

ब्रेजा चालक के खिलाफ मामला दर्ज

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने हादसे के संबंध में ब्रेजा चालक युवराज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार से उसका बुजुर्ग सदस्य छीन लिया। जिस बेटे के साथ राजेंद्र प्रसाद इलाज के लिए ऊना जा रहे थे, उसी सफर में परिवार पर ऐसा दुख टूट पड़ा कि घर लौटने के बजाय उन्हें अस्पताल से अपने पिता का शव लेकर लौटना पड़ा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख