#अपराध
September 4, 2026
हिमाचल: सोशल मीडिया पर दोस्ती.. प्यार में बदली, शादी करूंगा कह होटल में की युवती से नीचता
युवती की शिकायत पर पुलिस ने अरेस्ट किया युवक
शेयर करें:

बिलासपुर/हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में आजकल सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती होना बेहद आम बात हो गई है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोग एक-दूसरे से जुड़ते हैं और कई बार यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल जाती है। हालांकि, हर ऑनलाइन दोस्ती भरोसे के लायक हो, यह जरूरी नहीं। सोशल मीडिया पर बने रिश्ते कई बार बड़े धोखे का कारण भी बन जाते हैं और इसका खामियाजा खासकर युवतियों को अपनी जिंदगी में भुगतना पड़ सकता है।
ऐसा ही एक मामला बिलासपुर जिले की युवती से जुड़ा सामने आया है, जहां सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और फिर शादी के वादे तक पहुंच गई। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर हमीरपुर के एक युवक ने युवती को शादी का झांसा दिया और होटल में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अब युवती न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बुजुर्ग मां-बाप ने जिस बेटे को समझा बुढ़ापे का सहारा.. उसी ने पत्नी संग मिल लांघ दी सारी सीमाएं
मामला हमीरपुर के चबूतरा क्षेत्र से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक बिलासपुर की युवती की जान-पहचान चबूतरा निवासी युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती कथित तौर पर प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों के बीच भविष्य को लेकर बातचीत होने लगी और शादी के सपने भी देखे जाने लगे। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे के बीच युवक ने उसे शादी का भरोसा दिलाया।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि युवक ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उससे छिपाईं और उसे वास्तविक स्थिति से अनजान रखा। इसी दौरान शादी का भरोसा देकर युवक कथित तौर पर उसे होटल ले गया, जहां उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार बाद में युवक की निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बातें सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते में विवाद और मतभेद पैदा होने लगे। स्थिति बिगड़ने के बाद युवती ने मामले को लेकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
यह भी पढ़ें : 12 साल की लड़की और एक महिला लापता, पिता बोले- बहला; फुसलाकर ले गया व्यक्ति
युवती ने सबसे पहले मामले की शिकायत बिलासपुर जिले के पुलिस थाने में दर्ज करवाई। चूंकि शिकायत में बताई गई घटना हमीरपुर क्षेत्र से संबंधित थी, इसलिए बिलासपुर पुलिस ने मामले को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए हमीरपुर पुलिस के पास भेज दिया। मामला हमीरपुर पुलिस के पास पहुंचने के बाद जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार रात आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें : 35 साल बाद भाई से मिलने पहुंचीं माता अंबिका, गूर के माध्यम से कहा- आने वाला है कोई बड़ा संकट
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ घटनाक्रम से जुड़े तमाम पहलुओं को खंगाल रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती और आरोपी के बीच किस तरह का संपर्क था और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की वास्तविक स्थिति क्या है। हमीरपुर के एसपी बलवीर सिंह ठाकुर ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर पुलिस गंभीर है और संवेदनशील मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का बीएसएफ जवान असम में हुआ शहीद, घर में चल रही थी रिटायरमेंट की तैयारियां
यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर बनने वाले रिश्तों को लेकर सावधानी बरतने का संदेश देता है। सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति से बातचीत और दोस्ती कुछ ही समय में भावनात्मक रिश्ते में बदल सकती है, लेकिन सामने वाले की वास्तविक पहचान, पारिवारिक स्थिति और निजी जिंदगी के बारे में पूरी जानकारी न होने पर यही रिश्ता परेशानी का कारण भी बन सकता है।