#हादसा

August 13, 2026

हिमाचली युवक सहित दो की थमी सांसें, तीसरी मंजिल पर जनरेटर चढ़ाते पलटी क्रेन; मची चीख पुकार

घर से कमाने गए बेटे की खबर सुनते ही परिवार में मचा कोहराम

शेयर करें:

panchkula news

सोलन/पंचकूला। घर से दूर नौकरी कर परिवार का सहारा बनने गए हिमाचल प्रदेश के एक जवान बेटे की पंचकूला में हुए दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में तीसरी मंजिल पर जनरेटर चढ़ाने के दौरान क्रेन अचानक पलट गई। इस दौरान जनरेटर पर बैठे दो हेल्पर कई फीट की ऊंचाई से भारी-भरकम जनरेटर के साथ नीचे जा गिरे। हादसे में हिमाचल प्रदेश के नवीन और बिहार के मनीष की मौत हो गई।

 

नवीन की मौत की खबर जैसे ही हिमाचल में उसके परिवार तक पहुंची, घर में मातम पसर गया। जिस बेटे को परिवार ने रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से दूर भेजा था, उसकी अचानक मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया। एक फोन कॉल ने परिवार की खुशियां छीन लीं और घर के जवान बेटे की जिंदगी हमेशा के लिए खत्म हो गई।

तीसरी मंजिल पर जनरेटर चढ़ाते पलटी क्रेन

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब चार बजे पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज.2 स्थित एक कंपनी में भारी.भरकम जनरेटर को क्रेन की मदद से तीसरी मंजिल पर पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान जनरेटर पर दो हेल्पर भी बैठे हुए थे। अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गई। जनरेटर पर बैठे  दोनों हेल्पर मनीष और नवीन भी उसके साथ नीचे जा गिरे। देखते ही देखते कंपनी परिसर में चीख-पुकार मच गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों युवक ऊंचाई से भारी जनरेटर के साथ नीचे गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: इस पावर प्रोजेक्ट से होने लगा पानी का रिसाव, 5 गांवों पर मंडराया खतरा! दहशत में ग्रामीण

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। मृतकों की पहचान मनीष निवासी बिहार और नवीन निवासी हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

यह भी पढ़ें : अटैची लेकर बिकने वालों....अब आएगा तुम्हारा नंबर, CM सुक्खू की हुंकार से गरमाई सियासत

बेटे की मौत की खबर ने तोड़ा परिवार

नवीन पंचकूला की एक कंपनी में काम करता था और परिवार की मदद के लिए घर से दूर रह रहा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। वह नौकरी कर अपने और अपने परिवार के भविष्य को बेहतर बनाने की कोशिश में जुटा था, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने सारी उम्मीदों को एक झटके में खत्म कर दिया। जिस बेटे के कमाकर घर लौटने का परिवार इंतजार करता था, उसी बेटे की मौत की खबर फोन पर पहुंची तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जवान बेटे की असमय मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

यह भी पढ़ें : बाइक पर हिमाचल आ रहे ससुर-दामाद को अज्ञात टिप्पर ने रौंदा, एक की मौके पर ही थम गईं सांसें

सुरक्षा इंतजामों पर भी उठे सवाल

हादसे के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इतनी ऊंचाई पर भारी जनरेटर को क्रेन से उठाने के दौरान सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया गया था, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख