#हादसा

August 13, 2026

बाइक पर हिमाचल आ रहे ससुर.दामाद को अज्ञात टिप्पर ने रौंदा, एक की मौके पर ही थम गईं सांसें

बाइक पर हिमाचल में रिश्तेदार के यहां आ रहे थे ससुर और दामाद

शेयर करें:

kangra person accident

कांगड़ा/दसूहा। बाइक पर हिमाचल आ रहे एक ससुर और दामाद के साथ बीच रास्ते एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में ससुर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा पंजाब के होशियारपुर जिले में आज गुरुवार सुबह के समय हुआ है। दरअसल तलवाड़ा.ऊना राज्य मार्ग पर एक अज्ञात टिप्पर ने बाइक सवार ससुर और दामाद को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठे ससुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हिमाचल जा रहे थे ससुर-दामाद

जानकारी के अनुसार गांव शहरक निवासी विशम्बर सिंह पुत्र त्रिलोक चंद अपने ससुर राजिंदर सिंह पुत्र प्यारे लाल के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर हिमाचल प्रदेश के संसारपुर टैरेस की ओर जा रहे थे। दोनों किसी रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक तलवाड़ा-ऊना मार्ग पर खोखा मार्केट के पास लेबर चौक पहुंची, उसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात टिप्पर ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

 

यह भी पढ़ें : अटैची लेकर बिकने वालों....अब आएगा तुम्हारा नंबर, CM सुक्खू की हुंकार से गरमाई सियासत

मौके पर ही ससुर की मौत

प्रत्यक्ष तौर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक पर सवार राजिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक चला रहे विशम्बर सिंह भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पल पहले दोनों हिमाचल की ओर सफर कर रहे थे, लेकिन अगले ही पल सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। हादसे में दामाद की जान तो बच गई, लेकिन उसके सामने ही उसके ससुर की मौत हो गई।

 

यह भी पढ़ें : 5 लाख जमा करो, तभी होगा 15 अगस्त का राज्यस्तरीय समारोह! हाईकोर्ट की सुक्खू सरकार को दो टूक

घायल दामाद को अस्पताल ले जाया गया

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल विशम्बर सिंह को बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे उपचार के लिए दसूहा के शिवाल अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ सुखदेव सिंह के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे सड़क हादसे से जुड़े दो मामले अस्पताल पहुंचे थे। राजिंदर सिंह को चिकित्सकों ने मृत अवस्था में पाया, जबकि विशम्बर सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर किया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सुबह घर से निकली थी महिला, अगले दिन खड्ड के पास मिली देह- सदमे में परिवार

मौके से फरार हुआ टिप्पर चालक

हादसे के बाद अज्ञात टिप्पर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही तलवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक राजिंदर सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीबीएमबी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

 

यह भी पढ़े : दिल्ली में आज सुंदर सिंह के नाम पर लगेगी मुहर : कुई मंत्रियों से छिन सकती है पॉवर

CCTV और अन्य सुरागों से टिप्पर की तलाश

पुलिस ने अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस हादसे के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज सहित अन्य संभावित सुरागों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से बाइक और टिप्पर की टक्कर हुई।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख