#हादसा
February 10, 2026
हिमाचल : आटा चक्की मशीन की चपेट में आया व्यक्ति, मौके पर ही तोड़ा दम- पसरा मातम
मशीन की मरम्मत कर रहा था मान सिंह
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां जांघी पंचायत में पेश आई इस बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है।
गांव जांघी निवासी मान सिंह की अपनी ही आटा चक्की में मशीन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई है। यह हादसा न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव के लिए अपूरणीय क्षति बन गया है।
जानकारी के अनुसार, मान सिंह अपने घर में ही आटा चक्की, ऊन पिंजाई और तेल निकालने की मशीनें चलाकर परिवार की आजीविका चलाता था। ग्रामीण इलाकों में उसकी चक्की आसपास के लोगों के लिए भी सहारा थी।
सोमवार को क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसी दौरान मान सिंह ने मशीन की मरम्मत या उससे जुड़ा कोई जरूरी काम शुरू किया था। उसे यह आभास नहीं था कि यह काम उसकी जिंदगी का आखिरी काम साबित होगा।
बताया जा रहा है कि अचानक बिजली सप्लाई बहाल हो गई और मशीन तेज गति से चलने लगी। इसी दौरान मान सिंह के कपड़ों का एक हिस्सा मशीन में फंस गया। कपड़े को छुड़ाने की कोशिश में वह खुद भी मशीन की चपेट में आ गया। मशीन की तेज गति और भारी दबाव के कारण उसे संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां मान सिंह का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।
मान सिंह को एक मेहनती, शांत स्वभाव और परिवार के प्रति जिम्मेदार व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। उसके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा बिजली आपूर्ति के अचानक आने से हुआ, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए SP चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस टीम ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल, पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने किसी पर कोई संदेह जाहिर नहीं किया है।