#यूटिलिटी

February 10, 2026

हिमाचल में बजट सत्र की तारीखों का हुआ ऐलान, कब होगा राज्यपाल का अभिभाषण यहां जानें

स्पीकर कुलदीप पठानिया ने बताया- कब होगा राज्यपाल का अभिभाषण

शेयर करें:

himachal-Vidhan-sabha-Budget-session

शिमला। हिमाचल प्रदेश को केंद्रीय बजट 2026 से करारा झटका लगने के बाद अब प्रदेश की सुक्खू सरकार ने अपना बजट पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस सब के बीच हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज मंगलवार को बजट सत्र की तारीखों का ऐलान कर दिया है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। बजट सत्र तीन दिन चलेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण के साथ दोपहर 2:00 बजे होगी। यह नए कैलेंडर वर्ष और नए वित्तीय वर्ष का पहला सत्र होगा, जिस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हैं।

तीन दिन का शुरुआती चरण

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि बजट सत्र के पहले चरण में तीन दिन तक सदन की बैठकें होंगी। 16, 17 और 18 फरवरी को विधानसभा की कार्यवाही चलेगी। शुरुआती दो दिनों में सदन में रैवेन्यू डेफिसिट ग्रांट बंद होने के बाद उत्पन्न हालात पर विशेष चर्चा होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : HRTC बस से सप्लाई हो रहा था चिट्टा : पुलिस को मिली लीड, दो तस्करों को रंगे हाथों दबोचा 

आरडीजी संकट के बीच पेश होगा बजट

केंद्र से बजट में भारी झटका लगने के बाद अब हिमाचल प्रदेश सरकार बदली हुई वित्तीय स्थिति में अपना बजट पेश करने जा रही है। हालांकि बजट पेश करने की तारीख को लेकर अभी सरकार की ओर से औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। विधानसभा अध्यक्ष ने संकेत दिए हैं कि आरडीजी बंद होने के बाद बने हालातों के चलते बजट तैयार करने में कुछ देरी हो सकती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : जिस घर से निकलनी थी पोते की बारात, उसी आंगन से उठी दादा की अर्थी- सदमे में परिवार

बजट सत्र तीन चरणों में होगा आयोजित

स्पीकर कुलदीप पठानिया ने बताया कि विधानसभा का बजट सत्र परंपरागत रूप से तीन चरणों में आयोजित किया जाता है। पहले चरण में राज्यपाल के अभिभाषण के साथ सत्र की शुरुआत होती है। दूसरे और तीसरे चरण में सरकार द्वारा बजट प्रस्तुत किया जाता है, अनुदान मांगों पर चर्चा, विधेयकों और अन्य सरकारी कार्यों पर विचार किया जाता है। फिलहाल दूसरे और तीसरे चरण की कार्यसूची विधानसभा सचिवालय को प्राप्त नहीं हुई है।

विधायकों के लिए प्रश्न पोर्टल खोला गया

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि विधायकों के प्रश्नों के लिए विधानसभा का ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया गया है। चूंकि बजट सत्र की अधिसूचना हाल ही में जारी की गई है, इसलिए अभी तक सचिवालय को सीमित संख्या में प्रश्न प्राप्त हुए हैं। आने वाले दिनों में प्रश्नों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के लिए अगले 24 घंटे भारी : 7 जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश-बर्फबारी

पहले दिन अभिभाषण, अगले दिन श्रद्धांजलि

स्पीकर ने बताया कि पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। इसके बाद अगले दिन नियमों के तहत यदि पिछले सत्र के बाद किसी पूर्व सदस्य का निधन हुआ है, तो उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके उपरांत सदन की नियमित विधायी कार्यवाही शुरू होगी।

बजट सत्र से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन

बजट सत्र को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, डीजीपी, शिमला जिला के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 'नीले ड्रम' जैसा कांड : सेप्टिक टैंक में मिली महिला की देह, सीमेंट से सील था ढक्कन

बैठक में विधानसभा परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, पास प्रणाली और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रवेश से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को बजट सत्र के दौरान सुरक्षा और नियमों के सख्त पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बजट सत्र पर टिकीं प्रदेश की निगाहें

केंद्र से आर्थिक मदद में कटौती के बाद यह बजट सत्र हिमाचल प्रदेश के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। सरकार किस तरह के वित्तीय फैसले लेती है और बजट में किन प्राथमिकताओं को स्थान दिया जाता है, इस पर प्रदेश के कर्मचारियों, आम जनता और राजनीतिक गलियारों की निगाहें टिकी हुई हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख