#हादसा
August 20, 2025
हिमाचल : उफनती नदी में गिरी सेब से लदी गाड़ी, चालक का नहीं मिल रहा कोई सुराग- रेस्क्यू जारी
सुबह-सवेरे उफनती ब्यास में समाई गाड़ी
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण रास्तों पर फिसलन बढ़ गई है- जिसके कारण कई वाहन हादसे का शिकार भी हो रहे हैं। इसी कड़ी में ताजा मामला मंडी जिले से रिपोर्ट हुआ है-जहां पर एक गाड़ी दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई है।
आपको बता दें कि यह हादसा आज तड़के करीब 3 बजे कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर पंडौह डैम से कुछ ही दूरी पर जोगनी मोड़ के पास पेश आया है। हादसे में एक सेब से लदी गाड़ी उफनती ब्यास नदी में गिर गई है।
हादसे के बाद से ड्राइवर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। साथ ही अभी तक ये भी नहीं पता चल पाया है कि गाड़ी में कितने लोग सवार थे। हादसे में गाड़ी का ज्यादातर हिस्सा पानी में डूब गया था। हादसे के बाद से गाड़ी का कुछ ही हिस्सा नदी के बाहर दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार, हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और SDRF के जवानों ने मौके पर पहुंच गए हैं, लेकिन घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कत आ रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस जगह ये हादसा पेश आया है- वहां से व्यास नदी तक जाने का कोई रास्ता नहीं हैं। फिलहाल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी कर दिया गया है, लेकिन गाड़ी नंबर HP12Q-2062 में सवार लोगों का कुछ अता-पता नहीं चल पाया है।
शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि गाड़ी नदी के तेज बहाव में बह गई है। नदी किनारे सिर्फ सेब बिखरे हुए पड़े मिले हैं- ड्राइवर और गाड़ी का कुछ अता-पता नहीं चल पा रहा है। टीमें जुटीं हुई हैं- जल्द ही गाड़ी और ड्राइवर को ढूंढ लिया जाएगा।
मामले की पुष्टि करते हुए पंडोल पुलिस चौकी के प्रभारी अनील कटोच ने बताया कि अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। साथ ही ये भी नहीं पता चल पाया है कि हादसे के वक्त गाड़ी में कितने और कौन लोग सवार थे। पुलिस टीम द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है। नदी में पानी का बहाव काफी तेज है- ऐसे में टीमों को रेस्क्यू करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।