#हादसा
October 3, 2025
हिमाचल: दशहरे के दिन परिवार ने खो दिया जवान बेटा, मछली पकड़ने गया था: लग गया करंट
करंट लगाकर मछली पकड़ने गए 18 वर्षीय युवक की गई जान
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। या यूं कहें कि दशहरे के दिन एक परिवार ने अपने जवान बेटे को खो दिया। युवक दोस्तों के साथ खड्ड में मछली पकड़ने के लिए गया था, जहां पर करंट लगाकर मछली पकड़ने का प्लान बनाया गया था। लेकिन इसी करंट ने युवक को सदा के लिए मौत की नींद सुला दिया। इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। युवक मात्र 18 साल का था और बीए प्रथम वर्ष का छात्र था।
यह हादसा सोलन जिला के कुनिहार क्षेत्र में दशहरे के दिन हुआ। परिवार के लिए दशहरे का दिन कभी न भूलने वाला दुख छोड़ गया। शिमला से अपने परिजनों और दोस्तों के साथ कुनिहार आया 18 वर्षीय अमित कुमार करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां बेसुध हो गई। उसे यकीन ही नहीं हो रहा है कि उसका बेटा अब इस दुनिया में नहीं है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 19 वर्षीय विवाहिता ने उठाया गलत कदम, महज 10 दिन पहले बनी थी मां- सदमे में पति
बताया जा रहा है कि अमित शिमला के कोटशेरा कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का होनहार छात्र था। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से ताल्लुक रखने वाला यह परिवार लंबे समय से शिमला में रह रहा है। पिता ठेकेदारी का काम करते हैं, जबकि अमित अपनी पढ़ाई और सपनों की दुनिया में व्यस्त था। दशहरे की छुट्टियों में वह अपने बड़े भाई रणजीत, ताया, चचेरे भाई और दोस्तों के साथ कुनिहार की ओर निकला था। उन्होंने योजना बनाई थी कि पहले कुणी खड्ड में मछली पकड़ेंगे और उसके बाद कुनिहार में दशहरा देखेंगे।
गुरुवार दोपहर जब सभी साथी पास के खेतों में आराम कर रहे थे, तभी अमित अकेले ही खड्ड की ओर बढ़ गया। कुछ देर बाद जब वह लौटकर नहीं आया, तो सभी बेचैनी से उसकी तलाश करने लगे। खड्ड में पहुंचे तो सामने का मंजर देखकर सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। अमित पानी में बेसुध पड़ा था, उसके पास बिजली की एक तार खड्ड में डूबी हुई थी, जिसका सिरा पास बने पंप हाऊस के स्विच से जुड़ा था।
घबराए परिजनों ने फौरन स्विच से तार हटाया और अमित को अस्पताल ले जाया गया। मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार की आंखों के सामने उनके चिराग की जिंदगी बुझ चुकी थी। परिजनों के अनुसार हादसा पंप हाऊस से चोरी-छिपे बिजली की तार डालकर मछली पकड़ने की कोशिश के चलते हुआ।
पुलिस ने मृतक के भाई रणजीत व अन्य साथियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और जांच की जा रही है। इस असामयिक मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरा कुनिहार क्षेत्र स्तब्ध है। दशहरे के पर्व पर जहां लोग उमंग और उत्साह में डूबे थेए वहीं अमित के घर पर मातम का माहौल छा गया।